नैनीताल। नैनीताल में तैनात पिथौरागढ़ निवासी एक पुलिस कर्मी की मंगलवार रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के बजेड़ी निवासी प्रेम सिंह (57) नैनीताल में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी हाईकोर्ट स्थित महाधिवक्ता के प्रोटोकॉल में थी। मंगलवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बुधवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। प्रेम सिंह अपने पीछे चार बच्चों और पत्नी को छोड़ गए।