नैनीताल। नगर के आवासीय क्षेत्रों में कबाड़ के ढेर कभी भी परेशानी का सबब बन सकते हैं। यही नहीं कबाड़ के अवशेष भी जंगलों में जहां तहां फैंके जा रहे हैं।
बता दें कि मल्लीताल स्थित मेट्रोपोल क्षेत्र के बाद अब तल्लीताल बूचड़खाना क्षेत्र में भी कबाड़ कारोबारियों ने कबाड़ जमा करना शुरू कर दिया है। यहां आवासीय क्षेत्र में जगह-जगह कबाड़ के ढेर लगे हुए हैं। यह स्थिति तब है जब पूर्व में कुमाऊं आयुक्त ने आवासीय क्षेत्र में कबाड़ का ढेर लगाने पर रोक लगाई थी और संबंधित विभागों को भी कबाड़ कारोबारियों पर नजर रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी क्षेत्र में रोज कबाड़ और प्लास्टिक के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन और संबंधित विभाग बेपरवाह बना हुआ है।
विभागीय लापरवाही के चलते आवासीय क्षेत्र में कबाड़ के ढेर कभी भी अग्निकांड का कारण बन सकते हैं। अब तक अग्निशमन विभाग भी कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है। वहीं जंगल की ओर कूड़ा फेंकने पर भी कोई कारवाई नहीं हुई है।
ईओ नगर पालिका, नैनीताल राहुल आनंद ने बताया कि नगर पालिका की ओर से प्रशासन के साथ मिलकर अभियान चलाया था। इस दौरान कबाड़ कारोबारियों की जानकारी जुटाई गई थी। अब आवासीय क्षेत्र में कबाड़ रखने पर कबाड़ जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।