नैनीताल। नगर पालिका ने पालिका की आर्थिकी में सुधार के लिए पहल शुरू कर दी है। अब भवन एवं सफाई कर के रूप में पूर्व में लंबित धनराशि पर व्यक्तिगत भवन स्वामियों की भी आरसी कटेगी। जल्द ही वसूली अभियान चलाया जाएगा।
नगर पालिका के प्रशासक और एसडीएम धारी केएन गोस्वामी ने कहा कि इस वर्ष की मांग के अनुरूप राजकीय विभाग, होटलियर्स समेत निजी भवन स्वामियों को भुगतान की समायावधि व नोटिस के साथ बिल भेजे जा रहे हैं। पूर्व अवेशष पर राजकीय विभागों की आरसी काटने के साथ ही ऐसे निजी भवन स्वामियों की भी आरसी काटी जाएगी। विभागीय जानकारी के मुताबिक पूर्व के अवशेष के रूप में पालिका को चार करोड़ रुपये से अधिक की वसूली करनी है। इसमें से दो करोड़ रुपये से अधिक राजकीय विभागों का है। 47 विभागों की आरसी तैयार की जा चुकी है।
अब तक वर्तमान मांग के साथ जुड़ती थी अवशेष धनराशि
नगर पालिका में पूर्व के वर्षों से चली आ रही व्यवस्था के क्रम में भवन व सफाई कर वसूली के लिए नए वित्तीय वर्ष की मांग के साथ पूर्व के अवशेष को जोड़कर बिल भेजे जाते रहे हैं। इस बार प्रशासक ने वर्तमान मांग के अनुरूप बिल जबकि पूर्व के देयकों पर नियमों के क्रम में नोटिस व आरसी काटने के निर्देश दिए हैं।