भीमताल (नैनीताल)। ग्राम पंचायत अमिया में बीते कुछ दिनों से ग्रामीण डायरिया, बुखार और उल्टी दस्त से पीड़ित हैं। गांव के 15 से अधिक लोग डायरिया से परेशान है। कुछ ग्रामीण उपचार के लिए हल्द्वानी के बेस अस्पताल और निजी अस्पताल में भर्ती हैं। गांव में तेजी से बढ़ते वायरल को देखते हुए ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से डॉक्टरों की टीम भेजकर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने गांव के पानी के सैंपल लेकर जांच कराने को कहा है। अमिया गांव की सरपंच लीला मेहरा ने बताया कि गांव में डायरिया, बुखार और उल्टी दस्त से लोग पीड़ित हैं। वह भी स्वयं हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। गांव के हीरा सिंह मेहरा, रीता, बसंती, नारायण सिंह, हरीश, इंदिरा, बबीता, इंदर और प्रेमा भी बीमार हैं। उन्होंने गांव में डायरिया फैलने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि अमिया क्षेत्र में डायरिया फैलने की सूचना मिली है। शनिवार को डॉक्टरों की टीम अमिया भेजी जाएगी।