द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। जल संस्थान में कार्यरत अवर अभियंता (जेई) की अनियमितताओं की जांच करने और उनका स्थानांतरण को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों ने सीएम को ज्ञापन भेज 23 नवंबर को होने वाली क्षेत्र समिति (बीडीसी) की बैठक में जल संस्थान के अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में जल संस्थान में कार्यरत जेई पर हर घर नल योजना तहत ग्राम पंचायत मल्लीमिरई के राजस्व ग्राम भौंरा में वित्तीय अनियमितता करने, ग्रामवासियों में अपने खास लोगों को सुविधानुसार हर घर जल- हर घर नल योजना के मानकों को ताक में रखकर मुख्य लाइन से संयोजन देने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन जल संस्थान के ईई सुरेश ठाकुर को भी दिया है। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि 26 मई को हुई द्वाराहाट क्षेत्र समिति की बैठक में भी यह प्रकरण उठा था। विधायक मदन बिष्ट, ब्लाक प्रमुख दीपक किरौला, सीडीओ की मौजूदगी में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों ने भी जेई की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते स्थानांतरण की मांग की थी। आरोपी को हटाने के तब मौखिक आदेश हुए थे लेकिन आज तक जेई का स्थानांतरण नहीं हुआ है।
वहां पर ग्राम प्रधान संतोष लाल चौधरी, रमा जोशी, दीपिका भंडारी, सतीश उपाध्याय, क्षेत्र पंचायत सदस्य शोभा रावत, सामाजिक कार्यकर्ता नारायण सिंह रावत, देवसिंह रावत, सुरेंद्र सिंह रावत आदि थे।
कोट
जेई के पद रिक्त हैं। हर ब्लॉक में दो जेई के पद स्वीकृत हैं। हर ब्लॉक में एक-एक जेई कार्यरत हैं। स्थानांतरण करने से समस्या बढ़ेगी।-सुरेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता