नैनीताल। पांच दिनी बैंकिंग व्यवस्था की मांग के लिए सरकारी बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। इसके चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को नैनीताल के एसबीआई, एचडीएफसी बैंक में काम नहीं होने से कई उपभोक्ता परेशान नजर आए। लोगों ने कहा कि शनिवार, रविवार और सोमवार को अवकाश के कारण बैंक बंद रहे थे। मंगलवार को भी काम नहीं हो पाया। नैनीताल बैंक के अध्यक्ष प्रवीण साह ने बताया कि वर्ष 2015 से हमारी मांग को सरकार तवज्जो नहीं दे रही है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन और इंडियन बैंक एसोसिएशन की ज्वाइंट फोरम का एग्रीमेंट भी हुआ है। यह अप्रूव होकर दो साल से फाइनेंस मिनिस्ट्री में गया हुआ है लेकिन इसे लागू नहीं किया जा रहा है। आईटी सेक्टर हो या एलआईसी सेक्टर हो या रिजर्व बैंक, सभी जगह पांच दिनी वर्किंग डे लागू है। बैंककर्मियों का अत्याचार किया जा रहा है। नैनीताल में हड़ताल के चलते मंगलवार को सभी बैंकों का करीब 60 से 65 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है।