ज्योलीकोट (नैनीताल)। गेठिया ग्राम पंचायत की रविवार को एक निजी कॉलेज के परिसर में पहली खुली बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के लोगों ने पानी की बंदरबांट का आरोप लगाया था। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में बने होटल रिजॉर्ट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पानी की भरपूर आपूर्ति हो रही है जबकि उनके नल से बूंद-बूंद पानी टपकता है। होटलों में स्वीमिंग पूल पानी से लबालब रहते हैं और उन्हें चंद मिनटों के लिए पानी मिल रहा है। इस दौरान कुछ लोगों ने यहां तैनात कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उनका तबादला करने की मांग की। जल निगम के जेई ने लोगों की समस्याओं को सुना और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों को वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग आदि पेंशन योजनओं के साथ ही विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में ग्राम प्रधान रिंकू देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता बिष्ट, अजय कुमार, आरती कैड़ा, अक्षय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।