भीमताल के खैरोला पांडे में तेंदुए के पंजों के निशान देखते वन विभाग के अधिकारी।
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल ब्लॉक के मलुवाताल और पिनरों गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए ट्रैप कैमरे में तेंदुए की फोटो कैद हुई है। साथ ही हैड़ाखान में तोक भूडिया के गौला नदी में बाघ के पदचिह्नों के निशान वन विभाग को मिले हैं। तेंदुए और बाघ की मूवमेंट क्षेत्र में होने के बाद वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने शुक्रवार को वन कर्मियों के साथ ग्रामीणों को अकेले घर से बाहर नहीं निकलने और रात के समय घर के बाहर लाइट जलाने को लेकर जागरूक किया। साथ ही बाघ विशेषज्ञों की टीम की ओर से भी क्षेत्र में बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि पिनरों और मलुवाताल क्षेत्र में विभाग की ओर से ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैप कैमरे में पिनरों और मलुवाताल क्षेत्र में तेंदुए की फुटेज कैद हुई है। साथ ही हैड़ाखान के भूडिया गांव में गौला नदी पर बाघ के पदचिह्न मिले हैं। क्षेत्र में पिंजरे बढ़ाने के लिए उच्च अधिकारियों से मांग की जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया में भी बिना पुष्टि के कोई भी वीडियो और फोटो शेयर नहीं करने को कहा है।
खैरोला पांडे में तेंदुआ दिखने से लोगों में भय
भीमताल के खैरोला पांडे में बृहस्पतिवार की शाम ललित जोशी ने तेंदुआ दिखने की सूचना पूर्व बीडीसी सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया को दी। पलड़िया ने वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी ने क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता कर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि टीम क्षेत्र में गश्त करेगी।
नरभक्षी से निजात दिलाने की मांग
भीमताल के मलुवाताल और पिनरों में वन्यजीव के हमले में दो महिलाओं की मौत के बाद से ग्रामीणों में भय है। नरभक्षी के चलते क्षेत्र के स्कूल बंद होने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से अभिभावक परेशान हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बैठक कर वन विभाग के अधिकारियों से नरभक्षी को जल्द पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि नरभक्षी के भय से प्राथमिक, आंगनबाड़ी केंद्र और इंटर कॉलेज बंद होने से बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में लगे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस दौरान राज्य आंदोलनकारी डॉ. केदार पलड़िया, धमेंद्र शर्मा, प्रेम मेहरा, लक्ष्मीदत्त, सतीश शर्मा, नारायण दत्त आदि रहे।