पतलोट (नैनीताल)। गर्मी शुरू होने से पहले ही ओखलकांडा ब्लॉक में पानी की व्यवस्था चरमराने लगी है। ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते कुछ दिनों से पानी नहीं आने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए सबसे अधिक समस्या गर्भवतियों को उठानी पड़ रही है। अस्पताल में दूरदराज से प्रसव के लिए आ रही महिलाओं को पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। भाजपा नेता दीपक सिंह बर्गली ने बताया कि अस्पताल में पानी नहीं आने से मरीज परेशान हो रहे है। अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। डॉ. पूजा ने बताया कि पानी की समस्या से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।