भीमताल(नैनीताल)। मौसम बदलने के साथ सर्दी-जुकाम के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों सर्दी-जुकाम के मरीज डॉक्टर के पास पहुंच रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते लोग खांसी, गले में इंफेक्शन, सिर में दर्द के चलते अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे अस्पताल में मरीजों की ओपीडी भी बढ़ रही है। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के चलते सर्दी-जुकाम की शिकायत बढ़ने लगी है। उन्होंने लोगों से होली में ठंडे पानी से बचने और खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। सर्दी-जुकाम की समस्या पर अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने को कहा है।