गरमपानी(नैनीताल)। खैरना-बेतालघाट स्टेट हाईवे पर बारिश के चलते जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने बृहस्पतिवार को सड़क पर पैचवर्क का कार्य शुरू कर दिया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि पैचवर्क का कार्य पूरा होने के बाद वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।