भवाली(नैनीताल)। छह सूत्री मांगों के पूरा नहीं होने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने शुक्रवार को कार्यबहिष्कार कर सरकार और निगम के खिलाफ नारेबाजी की। रोडवेज बसों की आवाजाही बंद होने से पहाड़ और मैदानी इलाकों के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदेश उप महामंत्री एलडी पालीवाल ने बताया कि उपनल की तरह निगम के विशेष श्रेणी-संविदा कर्मचारियों को सामान कार्य सामान वेतन देने, कुंभ मेले को देखते हुए बस बेड़ा बढ़ाने, हर माह की सात तारीख को वेतन देने, लंबित भुगतान जल्द देने, हिमाचल रोडवेज की तरह राजकीय कोष से वेतन की मांग, परिवहन निगम में एजेंसी प्रथा को समाप्त कर सभी कर्मचारियों को निगम कर्मचारी घोषित करने, विशेष श्रेणी और संविदा कर्मियों को मंहगाई भत्ता 60 प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगे हल नहीं हुई तो 30 अक्टूबर को अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान हर्षवर्धन, पंकज जोशी, जावेद अली, रणजीत सिंह, राजेंद्र जाटव, नरेश कांडपाल, अनिल कुमार, भूपेंद्र जीना, संजय पाटनी, यशपाल आर्य, खुशाह मेहरा, बीके रॉय आदि मौजूद रहे। संवाद