नैनीताल। हार्मिटेज, यूजीसी मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित पांच दिवसीय अंतर राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम जारी है। उप निदेशक डॉल्वी तेवतिया ने बताया कि बुधवार को कार्यक्रम के तृतीय दिवस की शुरुआत योग सत्र से हुई। इसके बाद प्रतिभागी केएमवीएन की ओर से संचालित रोपवे के माध्यम से स्नो व्यू प्वाइंट पहुंचे। स्नो व्यू प्वाइंट से प्रतिभागियों ने नैना पीक तक ट्रैकिंग की। ट्रैकिंग के दौरान पर्यटन विभाग से अधिकृत टूर गाइड संजीव ने दल का नेतृत्व किया। उन्होंने हिमालय की भव्य पर्वत मालाओं का परिचय कराते हुए पंचाचूली शृंखला दिखाई। सांस्कृतिक संध्या में प्रतिभागियों ने बिहार राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया। लोक नृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को साझा किया।