गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत डोबा के ग्रामीणों को बरसात शुरू होने के साथ जान जोखिम में डालकर शिप्रा नदी का तेज बहाव पार करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। अभिभावकों को अपने बच्चों को नदी का बहाव देखते हुए उन्हें पीठ पर बैठाकर स्कूल तक पहुंचाना पड़ रहा है। पुल निर्माण को लेकर ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से मांग करते आ रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। पुल नहीं होने से ग्रामीणों को खैरना बाजार आने के लिए चार किमी अतिरिक्त पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्षों से ग्रामीण शिप्रा नदी में झूला पुल बनाने की मांग करते आ रहे हैं। इसको लेकर शासन-प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पुल नहीं होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को नदी पार करके जान को खतरे में डालना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से नदी पर झूला पुल बनाने की मांग की है।