हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में धरने पर बैठे पीजी डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी में डॉक्टरों के आंदोलन के बाद अब पैरामेडिकल के छात्रों (इंटर्न) ने भी मोर्चा खोल लिया है। मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल के छात्रों को अब तक स्टाइपेंड नहीं मिलता है। अब उन्होंने स्टाइपेंड देने की मांग उठानी शुरू कर दी है।
एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में उन्होंने मंगलवार से कार्य बहिष्कार कर एसटीएच में धरना देने की चेतावनी दी है। पैरामेडिकल के छात्रों के आंदोलन में उतरने से लैब के काम भी प्रभावित हो जाएंगे। पैरामेडिकल के छात्रों की हड़ताल से रेडियोलॉजी विभाग, एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई, आईसीयू समेत लैब के कार्यों पर असर पड़ने की संभावना है। पैरामेडिकल के छात्र कृष्णा आर्या ने बताया कि पैरामेडिकल के करीब 400 छात्र हैं। ज्ञापन देने वालों में हरेंद्र सिंह रावत, अनन्या विश्वकर्मा, किरन भंडारी, सौरभ नेगी आदि शामिल हैं।