भर्ती परीक्षा नकल प्रकरण में यूपी के मूल निवासी शशिकांत एसटीएफ की गिरफ्त में। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में 27वीं गिरफ्तारी हल्द्वानी से हुई है। आरोपी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का निवासी है। वर्तमान में फिलहाल हल्द्वानी में रह रहा था। इसके साथ ही नए नकल सेंटर का भी खुलासा हुआ है।
वीपीडीओ परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में उत्तर प्रदेश के जिला चंदौली (वाराणसी मंडल) निवासी शशिकांत को पुलिस ने दबोच लिया है। शशिकांत फिलहाल हल्द्वानी में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसे पुख्ता साक्ष्यों के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने चार ऑनलाइन परीक्षा केंद्र खोले हुए हैं जो हल्द्वानी, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में संचालित हैं। इन परीक्षा केंद्रों में अब तक 40 से अधिक परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की गई हैं। यही नहीं शशिकांत पर उत्तराखंड में साल 2013 में सीटीईटी परीक्षा में नकल कराने के आरोप में भी हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बावजूद वह ऑनलाइन परीक्षा सेंटर संचालित कर रहा था।
इधर, डीआईजी आनंद भरणे ने बताया कि पेपर लीक मामले में एसटीएफ शशिकांत को गिरफ्तार कर ले गई है। कुमाऊं क्षेत्र से संबंधित सभी जांचों में एसटीएफ का पूरा सहयोग किया जाएगा।
नकल करने वाले भी रडार पर
हल्द्वानी। एसटीएफ को जांच में पता चला कि धानाचूली बैंड स्थित एक रिजॉर्ट में 35 छात्रों को नकल कराई गई थी। पुलिस ने इन सभी छात्रों को चिह्नित किया है। एसटीएफ को अन्य रिजॉर्टों की भी जानकारी मिल रही है। सभी की जांच की जाएगी। इनमें से बहुत से छात्र पेपर पास नहीं कर पाए हैं। बताया जा रहा है कि छात्रों की संख्या 60 पहुंच सकती है।