ज्योलीकोट। समीपवर्ती वीरभट्टी और उससे सटे ग्रामीण इलाकों में इन दिनों तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीण डरे हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राज्य आंदोलनकारी इंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तेंदुए के भय से ग्रामीण आवाजाही करने से भी डर रहे हैं। तल्ला चर्ता तोक में तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ अक्सर दिखाई दे रहा है। तेंदुए ने पान सिंह के आवासीय परिसर के पास अपना ठिकाना बनाया हुआ है। एक पखवाड़े पूर्व चर्ता गॉव में पान सिंह की बकरी को मारने के बाद रविवार की शाम को वह आंगन में कुत्ते को मारने को झपटा, लेकिन सफल नहीं हो पाया। बीते दो-तीन माह में वह एक खच्चर सहित कई पालतू कुत्तों और बकरियों को निवाला बना चुका है। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। रेंज अधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जाएगा।