रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के एक रिजॉर्ट में आयोजित कुमाऊं स्तरीय दो दिवसीय भाजपा जिला पंचायत अभ्यास वर्ग का समापन हो गया। रविवार को शिविर को केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट और सांसद अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।
सांसद टम्टा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार से काम मांगने का अधिकार है, क्योंकि वे कड़ी मेहनत से अपने क्षेत्रों से चुनकर आए हैं। सरकार हर मोर्चे पर कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। केंद्र से विभिन्न योजनाओं का लगातार क्रियान्वयन हो रहा है।
दूसरे दिन के सत्र का शुभारंभ संगठन महामंत्री अजय, प्रदेश संयोजक अभ्यास वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नैनीताल प्रभारी कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। संगठन महामंत्री अजय ने कहा कि हमें अपने खुद को श्रेष्ठ कार्यकर्ता के रूप में ढालने का चिंतन करना चाहिए। अगर यह सुधार हम अपने आप में लाने में सफल हो सके तो उत्तराखंड की राजनीति सहज ही निर्मल हो जाएगी। समाज में अपना स्थान बनाते हुए और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सद्भावना से हर एक व्यक्ति की भावनाओं का सम्मान करना, पार्टी और संगठन के कार्यकर्ता की प्राथमिकता होनी चाहिए।
भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के कार्य किये : महाराज
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कहा कि पंचायत में गुणवत्ता और उसकी कार्यपद्धति व उनकी शिक्षा का स्तर अनिवार्य किया गया है जिससे पंचायत प्रतिनिधि हर कार्यों को भली-भांति समझ सकेंगे। पंचायतों को कंप्यूटरीकृत करने का काम चल रहा है। भ्रष्टाचार पर रोक के लिए कई प्रावधान किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अवशिष्ट के लिए काम शुरू कर दिया गया है।
समाज के अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना : अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि समाज के प्रति आपकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी बनती है। समाज को आगे बढ़ाने और अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना आपका प्रथम दायित्व बनता है। कभी हो सकता है कि किसी वजह से कुछ काम रुक जाएं, पर इसमें नाराज न होकर दोबारा उसी विषय पर प्रयास करें। अपने विधायक, सांसद से मिलें।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
वर्ग सह संयोजक कुंदन परिहार, कार्यक्रम सहप्रभारी श्रीपाल राणा, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, महामंत्री रंजन बर्गली, नवीन भट्ट, प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल, विनीत अग्रवाल, वीरेंद्र रावत, मदन जोशी, भुवन भट्ट, नरेंद्र शर्मा, जगमोहन सिंह बिष्ट, नितिन राणा, बहादुर नदगली, प्रतिभा जोशी, रूचि गिरि शर्मा, योगेश रजवार, राजेंद्र मित्तल, संजय डोर्बी, दीपक राणा, बसंत नेगी, प्रकाश जोशी आदि मौजूद रहे।