रामनगर ग्राम जस्सागांजा में परिवार का विरोध में एकत्र हुए ग्रामीण।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। जस्सागांजा के पंचायत भवन में दिल्ली से आए परिवार को क्वारंटीन करने के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्राम प्रधान के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने तो बाद में परिवार को गांव के सरकारी स्कूल में रखा गया, लेकिन यहां सात माह की गर्भवती महिला को देखते हुए सुविधा नहीं थी। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने परिवार को उनके ही घर में होम क्वारंटीन करा दिया। ग्राम प्रधान निधि मेहरा ने बताया कि दोपहर को जस्सागांजा निवासी युवक दिल्ली से पत्नी, दस और आठ साल की बेटियों के साथ घर आए। उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। दिल्ली से आए परिवार को प्रशासन ने गांव के ही पंचायत भवन क्वारंटीन करने लगे तो पंचायत भवन के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने परिवार के पंचायत भवन में रहने पर हंगामा करने की चेतावनी दे डाली। प्रधान ने ग्रामीणों को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद देर शाम को परिवार को गांव के बाहर प्राइमरी स्कूल में ले जाया गया, जहां पर शौचालय काफी दूर था। गर्भवती महिला ने यहां रहने पर एतराज जताया और कहा कि यदि रात में कोई समस्या होगी तो वह कैसे संभालेंगी। ग्रामीणों के विरोध और गर्भवती महिला की परिस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रात करीब आठ बजे परिवार को उनके ही घर में होम क्वारंटीन कर दिया। दूसरी ओर ग्राम प्रधान ने हंगामा करने वालों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया है।