21 मार्च से दिल्ली-देहरादून रूट पर बढ़ेंगी बसें
होली के त्योहार को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने बसों को बढ़ाने की तैयारी भी कर ली है। खासकर दिल्ली और देहरादूृन रूट पर सवारियों को देखते हुए 21 मार्च से बसें बढ़ाने की योजना है।
इस बार होली सोमवार 25 मार्च को है। कई दफ्तरों में शनिवार को छुट्टी होने के चलते शुक्रवार रात दिल्ली से आने वाली अधिकतर बसें फुल हो गई हैं तो शनिवार को भी बसों के टिकट भर गए हैं। ऑनलाइन बसों की सीट भरने के बाद अब उत्तराखंड परिवहन निगम ने दिल्ली और देहरादून रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। विशेषकर दिल्ली रूट पर बसें बढ़ाने की योजना है।
हल्द्वानी डिपो के एआरएम सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि ऑनलाइन बसों की सीटें लगभग भर गई हैं। इसलिए अब ऑफलाइन बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। 21 मार्च से दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बसों की संख्या अधिक बढ़ाई जाएगी। बताया कि करीब 30 बसें अतिरिक्त भेजने की तैयारी है।