किच्छा। अदालत के आदेश पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज किया है। खुशबू वर्मा निवासी पंजाबी मोहल्ला ने न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसका विवाह वर्ष 2021 में अनुज वर्मा निवासी कंकरखेडा मेरठ के साथ हुआ था। आरोप है कि ससुरालियों ने पति के टायर कंपनी में प्रबंधक होने का झूठ बोला था। शादी के बाद सास-ससुर, पति ने कम दहेज लाने का ताना दिया था। वह मायके आई तो सास ने पति के लिए कार और मकान की व्यवस्था करने पर ही वापस लौटने की बात कही। ससुराल से उसको कोई लेने नहीं आया था। इस पर वह अपने पिता और तहेरे भाई के साथ अपने पति के किराये के घर जालंधर चली गई थी। नवंबर 2023 में उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया। अदालत ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने पति अनुज वर्मा, सास ललिता वर्मा और ससुर गोविंद प्रकाश वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है।