हल्द्वानी। यात्रियों का फीडबैक जानने के लिए रोडवेज मुख्यालय ने सभी आरएम और एआरएम को बसों में 20 किमी की यात्रा करने के आदेश दिए हैं।
रोडवेज मुख्यालय को शिकायत मिल रही थी कि रोडवेज बस के चालक-परिचालक रास्ते से यात्रियों को नहीं बैठा रहे हैं। कई बसें निर्धारित बस अड्डों में भी नहीं रुक रही हैं। साथ ही यात्रियों के साथ भी चालक-परिचालकों का व्यवहार सही नहीं रहता है। इसी के तहत रोडवेज मुख्यालय ने सभी आरएम और डिपो के एआरएम को बस में यात्रा करने के आदेश दिए हैं। साथ ही यात्रियों से वार्ता कर फीडबैक देने के लिए भी कहा गया है। मंगलवार को आरएम यशपाल सिंह, एआरएम हल्द्वानी सुरेंद्र बिष्ट, काठगोदाम सुरेश चौहान आदि ने बसों में यात्रा कर फीडबैक लिया है। आरएम यशपाल सिंह ने कहा कि फीडबैक मुख्यालय को भेजा जाएगा।