नैनीताल। रैमजे परिसर स्थित नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर प्रताड़ित करने और छात्रावास से निकालने के आरोप लगाए हैं।
छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में प्रवेश के समय उन्हें तृतीय वर्ष की पढ़ाई पूरी होने तक छात्रावास में रहने की जानकारी दी गई थी। दूसरा वर्ष पूरा होने पर उनसे सालाना शुल्क ले लिया गया। छात्राओं का कहना है कि तीसरा सेमेस्टर पूरा होने से पहले ही उन पर छात्रावास खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है। बताया कि हाल के दिनों में तृतीय वर्ष की कई छात्राएं छात्रावास खाली कर चली गई हैं। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य को कई बार फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में जब इस संबंध में एसडीएम प्रमोद कुमार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले में जानकारी लेकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम का कहना है कि छात्राओं का अहित नहीं होने दिया जाएगा।