हल्द्वानी। गर्मी के सीजन में उपभोक्ताओं को पानी की शिकायत दर्ज कराने के लिए जल संस्थान कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अधिकारी फोन पर ही पेयजल उपभोक्ताओं की समस्या सुनकर समाधान कराएंगे।
जल संस्थान ने एक अप्रैल से तिकोनिया स्थित कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम की शुरुआत कर दी है। क्षेत्र में पेयजल समस्या पर उपभोक्ता कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर-05946-220776 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। यहां से उपभोक्ताओं की शिकायतों को संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। जल संसथान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने बताया कि गर्मी के सीजन में पानी की समस्या को देखते हुए उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। कंट्रोल रूम में संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों के नंबर भी दिए हैं। यदि उपभोक्ताओं की समस्या का निस्तारण नहीं होगा तो वे संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं।
अप्रैल आते ही बढ़ने लगा पेयजल संकट
हल्द्वानी। अप्रैल माह की शुरुआत होते ही शहर में पेयजल संकट के मामले भी बढ़ने लगे हैं। सोमवार को कार्यालय में पांच उपभोक्ता पानी के संकट की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इस पर जल संस्थान ने दमुवाढूंगा, लोहरियासाल, बजूनियाहल्दू, इंदिरानगर, हिम्मतपुर मल्ला समेत कई इलाकों में सात टैंकरों से पानी बंटवाया।
सोमवार को तिकोनिया कैनाल रोड निवासी कमलेश और जगदंबा नगर के प्रवीण सिंह कोरंगा ने बताया कि उनके क्षेत्र में एक सप्ताह से पानी का संकट बना हुआ है। भूपेंद्र सिंह बताया कि कैनाल रोड तिकोनिया में पानी की समस्या हो रही है। इधर दमुवाढूंगा गैरीखत्ता में भी पानी नहीं मिल रहा है। ईई आरएस लोशाली ने बताया कि शिकायत पर प्रभावित क्षेत्रों में पानी बांटा गया है। इधर, लोकसभा चुनाव को देखते हुए जल संस्थान ने सोमवार को डिमांड मिलने पर तीन टैंकर चुनाव ड्यूटी में भेजे। ईई लोशाली ने बताया कि टैंकरों की मांग लगातार बढ़ रही है।