भीमताल (नैनीताल)। चार दिन पहले मूसलाधार बारिश के चलते भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत भदयूनी, भलूटी और धुरा गांव में चार दिन से बिजली नहीं है। बिजली नहीं आने के चलते ग्रामीणों को लैंप और चीड़ के छिलके को जलाकर रोशनी करनी पड़ रही है।
समाजसेवी हरीश शर्मा ने बताया कि चार दिन से भदयूनी, भलूटी और धुरा गांव में बिजली नहीं होने से 70 से अधिक परिवार परेशान हैं। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि गधेरे में चार किमी बिजली की लाइन बह गई है। 50 पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बिजली सुचारु करने के लिए नई बिजली की लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। उधर, ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत टांडा और सुई गांव में दो दिन से बिजली नहीं आने से ग्रामीण परेशान हैं। बिजली गुल होने से ग्रामीणों के मोबाइल फोन बंद होने के साथ स्कूली बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मदन परगाई ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या हल नहीं हो पाई है।
कांग्रेसियों ने ऊर्जा निगम का पुतला फूंका
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर में अघोषित बिजली कटौती को लेकर रामनगर के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुमित लोहनी और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव एडवोकेट फैजुल हक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यहां अमित कुमार, तालिब हुसैन, आरिश सैफी, करीम (सोनू), नूर खान, सलीम, सलमान सलमानी, कालिम क़ुरैशी, समीर हसनी आदि मौजूद रहे।