दंगल के समापन पर पहलवानों का उत्साह वर्धन करते विधायक अरविंद पांडे। फोटो- दंगल के महा मुकाबले म
लालकुआं। नगर में नमो दंगल समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय दंगल के दूसरे दिन महिला और पुरुष कुश्ती के मुकाबले हुए। कड़ाके की सर्दी के बावजूद पहुंचे दर्शकों ने पहलवानों का जोरदार खैरमकदम किया। विधायक अरविंद पांडे ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
शुक्रवार को कुश्ती के 11 मुकाबले हुए जिसमें देशभर से पहुंचे पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए। पहला मुकाबला वकार पहलवान सहारनपुर और मोंटी पहलवान दिल्ली के बीच हुआ। इसमें वकार ने जीत हासिल की। नेपाल के लक्की थापा ने गंगापुर राजस्थान के कलुआ पहलवान को शिकस्त दी। मथुरा के विश्वजीत और कानपुर के रवि पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। महिला पहलवानों में दिल्ली की राधिका और मध्य प्रदेश की संतोषी पहलवान के बीच रोचक मुकाबले में राधिका अपने दांव-पेंच से विपक्षी पर भारी पड़ीं। अंतिम मुकाबला लक्की थापा (नेपाल) और विक्की पहलवान (पंजाब) के बीच हुआ। इसमें लक्की थापा विजेता बने। मुख्य अतिथि विधायक अरविंद पांडे के अनुरोध पर आयोजक चंद्रभान सिंह ने दोनों के बीच एक और मुकाबला कराया। इसमें भी लक्की थापा विपक्षी विक्की पर भारी पड़े। विधायक अरविंद पांडे ने पहलवानों को पुरस्कृत किया। यहां भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, हेमंत नरूला, पवन चौहान, रतन गुप्ता, भोलाराम, विकास गुप्ता, मनोज कुमार आदि थे।