सुशीला तिवारी अस्पताल में आपरेशन के बाद आइसीयू में भर्ती 14 वर्षीय महेंद्र चिलवाल ।
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में पौने घंटे की सर्जरी के बाद 14 वर्षीय बालक के फेफड़े में फंसी ढाई इंच की सुई निकाली गई। ओखलकांडा निवासी महेंद्र चिलवाल (14) के गिर जाने से उसके सिर पर चोट लग गई थी। पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका पर पिता राम सिंह चिलवाल और मां लक्ष्मी चिलवाल 15 जनवरी को उसे एसटीएच लेकर आए। डॉक्टर ने एक्सरे कराया और एमआरआई कराने की तैयारी में थे। छाती का एक्सरे कराने पर पता चला कि उसके फेफड़े में सुई फंसी हुई है। सर्जरी विभाग ने 21 जनवरी को पौन घंटे तक आपरेशन कर फेफड़े से सुई निकाल दी। आपरेशन के बाद बच्चे को आईसीयू में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर है। सर्जरी करने वाली टीम में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. केएस शाही, डॉ. प्रतीक, डॉ. देवेंद्र, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. दीप थे। डॉ. शाही ने बताया कि सुई बच्चे के फेफड़े में कैसे पहुंची इस बारे में बच्चे और उसके परिवार वालों को कोई जानकारी नहीं है। डॉ. शाही ने बताया कि इस तरह के मामले बहुत ही कम होते हैं। साइंटिफिक जनरल में इस केस को पब्लिकेशन के लिए भेजा जाएगा।