रामगढ़ में खेल मैदान में अतिक्रमण के विरोध में प्रदर्शन करते क्षेत्र के लोग
- फोटो : Amar Ujala
अतिक्रमकारी के खिलाफ जताया विरोध
जिला प्रशासन से मामले की जांच कर कारवाई की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
नैनीताल। रामगढ़ ब्लाक के छतोला गांव में स्थित खेल मैदान में अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को अतिक्रमकारी के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध कब्जा करने वाले के खिलाफ कारवाई की मांग की।
हाथों में विरोध प्रदर्शन वाली तख्तियां लिए ग्रामीणों ने कहा कि खेल मैदान का उपयोग गांव के युवा क्रिकेट, वॉलीबॉल आदि के लिए करते हैं। पूर्व में सरकारी योजना के तहत खेल मैदान का निर्माण किया गया था। आरोप है कि एक बिल्डर ने व्यावसायिक परियोजनाओं के निर्माण के लिए एप्रोच रोड बनाई है। पहाड़ी को अवैध रूप से काटकर खेल के मैदान पर अतिक्रमण कर लिया गया है। कहा कि बिल्डर ने जेसीबी से गांव के पारंपरिक रास्ते को भी ध्वस्त कर दिया है जिससे स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं खेल मैदान में स्थित पानी की टंकी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी शिकायत आयुक्त, जिलाधिकारी व वन विभाग से भी की गई। लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई। विरोध करने वालों में कई लोग शामिल थे।