नैनीताल। सरोवर नगरी में बढ़ती ठंड से मरीजों की परेशानी को देखते हुए बीडी पांडे अस्पताल प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए हैं। अस्पताल के सभी वार्डों में भर्ती मरीजों को रात में अतिरिक्त कंबल दिए जा रहे हैं। वार्डों को गर्म रखने के लिए बेड के अनुसार हीटर भी लगाए गए हैं। बीडी पांडे अस्पताल की पीएमएस द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि मरीजों के लिए अतिरिक्त कंबल, हीटर और गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। अस्पताल स्टाफ को हीटर का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।