हल्द्वानी। नगर निगम के वार्डाें से घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए 35 नए वाहन खरीदे जाएंगे। निगम प्रशासन ने शहरीय विकास निदेशालय को वाहनों के साथ ही जेसीबी आदि की खरीद के लिए सात करोड़ की डिमांड भेजी है। निदेशालय की ओर से पिछले सप्ताह प्रदेशभर के निकायों से जनसुविधाओं के मद्देनजर संसाधनों की रिपोर्ट तलब की गई थी। साथ ही संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जानकारी भी मांगी थी। इस पर नगर निगम प्रशासन ने निदेशालय को डिमांड भेज दी है। निगम प्रशासन यह राशि मिलने के बाद नए कूड़ा वाहन, जेसीबी आदि जरूरत के हिसाब से सामग्री की खरीद करेगी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि निगम के 60 वार्डाें में अभी 65 कूड़ा वाहन घर-घर से कूड़ा उठा रहे हैं चूंकि वार्डाें का क्षेत्रफल बढ़ा है तो ऐसे में एक वाहन वार्ड के लिए पर्याप्त नहीं। निदेशालय को संसाधनों के बाबत जानकारी देने के साथ ही धनराशि की डिमांड की गई है।