हल्द्वानी शहर के काठगोदाम कोतवाली पुलिस ने तीन म्यूल खाता धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें चोरगलिया के किशनपुर स्थित कालीपुर निवासी भवान सिंह बोरा, दौलतपुर के सुंदरपुर निवासी करन रैक्वाल और काठगोदाम के बागजाला स्थित देवलातल्ला निवासी सुनील कुमार शामिल हैं। तीनों के बैंक खाते से साइबर ठगी के 2.90 लाख रुपये के लेनदेन की बात सामने आई है। वहीं आरोपी सुनील के खिलाफ साइबर ठगी के 21 मामले दर्ज हैं। उसके बैंक खाते से मुंबई के बोरिवली में रुपये निकाले गए थे।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध पोर्टल से म्यूल खाता संचालन की रिपोर्ट मिली थी। जांच में पता चला कि 24 अगस्त को काठगोदाम स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में संचालित खाते में साइबर ठगी के 2.50 लाख रुपये आए थे। यह खाता भवान सिंह बोरा का था। वहीं जिस खाते से रकम भेजी गई थी वह करन रैक्वाल का था। जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों पर साइबर ठगी के पूर्व से 21 मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरा मामला 40 हजार की साइबर ठगी से जुड़ा है। दारोगा खष्टी बिष्ट की तरफ से दर्ज हुए मामले में बताया गया कि सुनील कुमार सोलर लाइट मार्केटिंग से जुड़ा है। उसके बैंक खाते में साइबर ठगी के 40 हजार रुपये आए थे जो मुंबई स्थित बैंक शाखा से चेक के जरिए निकाले गए। पूछताछ करने पर खाताधारक ने संतुष्टिपूर्ण जवाब भी नहीं दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में साइबर सेल की टीम जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।