हल्द्वानी। शहर में जगह-जगह खुदी पड़ी सड़कें बारिश के बाद लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। आलम यह है कि पहले से ही इनमें चलना मुश्किल हो रहा था अब बारिश से कीचड़ फैलने से यह इस लायक भी नहीं रहीं। लोग सड़कों की हालत कब सुधरेगी, यह सवाल उठाने लगे हैं। शहर में लंबे समय से गैस पाइप लाइन, पेयजल लाइन व सीवर लाइनें बिछाने का काम चल रहा है। शहर में पेयजल निगम तो नये वार्डाें में यूयूएसडीए काम करा रही है। बीते बुधवार की शाम हुई बारिश के बाद खुदी सड़कें मुसीबत बन गई। भगवानपुर, जज फार्म, सुभाषनगर, पीलीकोठी आदि क्षेत्रों की सड़कों पर कीचड़ होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार दोपहर तक कई सड़कों पर जगह - जगह पानी भरा नजर आया। वहीं कार्यदायी संस्थाएं जल्द सड़कें बनाने का दावा करते रहे हैं।