रामनगर। भाजपा सांसद अजय भट्ट ने रामनगर के ग्राम छोई स्थित प्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर को जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार से लोगों की आस्था से जुड़े इस मार्ग के जल्द निर्माण की मांग की है। हनुमान धाम विगत कुछ वर्षों में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां हर साल दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु आते हैं। रामनगर-हल्द्वानी मार्ग से हनुमान धाम तक का साढ़े सात किलोमीटर लंबा रास्ता लंबे समय से खराब है। हाल ही में सांसद भट्ट के हनुमान धाम पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनसे इस मार्ग को बनाने की मांग की थी। भट्ट ने लोनिवि से इस मार्ग के निर्माण के लिए चार करोड़ छह लाख रुपये स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।