पहाड़पानी/गरमपानी/कालाढूंगी(नैनीताल)। गर्मी के साथ ही पहाड़ के जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है। भीमताल, धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और बेतालघाट के गांवों में आग लगने से कई हेक्टेयर जंगल में लगी वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। मंगलवार को धारी के महतोलिया गांव और नगदल के जंगल में अचानक आग लग गई। आग से चीड़, बांज, काफल, देवदार, बुरांश समेत अन्य प्रजातियों के पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। इधर, खैरना-रातीघाट स्टेट हाईवे पर कनवाड़ी की पहाड़ी में आग लगने से पहाड़ी के पत्थर सड़क पर गिरते रहे। जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बेतालघाट में थुवा समेत अन्य जंगलों में भी आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।इधर, कालाढूंगी में रामनगर वन विभाग के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर, कालाढूंगी व देचोरी रेंज में विगत कई दिनों से लगी आग से कई हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो गए। एसडीओ किरण शाह ने बताया कि अभी तक फतेहपुर रेंज में आठ जगहों पर लगी आग से चार हेक्टेयर जंगल, कालाढूंगी रेंज के अंतर्गत चार जगह में लगी आग से दो हेक्टर जंगल के साथ ही देचौरी में कुछ स्थानों पर आग लगने से जंगल जलकर राख हो गए।