धानाचूली (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुरंग में पिछले तीन दिनों से आधे गांव में बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते 500 से अधिक लोग अंधेरे में रात गुजार रहे हैं। गांव के लोकपुरी गोस्वामी ने बताया कि ट्रांसफार्मर के खराब होने के कारण तीन दिन से बिजली नहीं है और अब तक इसे बदला नहीं गया है। बालम सिंह बोहरा ने कहा कि बिजली नहीं होने से लोगों के मोबाइल भी डिस्चार्ज होकर बंद हो गए हैं। प्रेम सिंह बोहरा ने कहा कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को बताने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऊर्जा निगम की एसडीओ काजल रैकुनी ने बताया कि शनिवार तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।