हादसे दर हादसे
हल्द्वानी से गदरपुर जा रहे गदरपुर निवासी बाइक सवार अंशु (27) को मोटाहल्दू में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अंशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
फरीदपुर निवासी मनोज कुमार (31) बाइक से अपने घर जा रहा था। तीनपानी से गोरापड़ाव के बीच वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।
बिंदुखत्ता निवासी भूपेंद्र सिंह कोरंगा हल्द्वानी से बाइक से अपने दोस्त के साथ लौट रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर से भूपेंद्र की मौत हो गई, जबकि साथ गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इससे पूर्व बेहड़ी निवासी और एक गदरपुर निवासी युवक की भी इसी मार्ग पर हुए हादसे में मौत हो चुकी है।
एक माह में पांच लोगों की हो चुकी मौत
हल्द्वानी। तीनपानी से लालकुआं तक बन रहा फोरलेन हाईवे मौत की सड़क में बदल गया है। गड्ढाें के बीच दोपहिया वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। यही वजह है कि हर रोज हादसे हो रहे हैं। एक माह में पांच परिवारों के चिराग इस सड़क पर हुईं दुर्घटनाओं में बुझ चुके हैं। मंगलवार को गदरपुर निवासी युवक की मौत हो गई। बुधवार को हुए हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद भी न तो जिला प्रशासन, न कंपनी और न ही एनएचएआई के अधिकारी कोई सुध ले रहे हैं। कंपनी की लापरवाही के कारण रोज हादसे हो रहे हैं।
रुद्रपुर से वाया गौलापार होते हुए काठगोदाम तक 49 किलोमीटर फोरलेन हाइवे का काम अक्तूबर-2017 में सद्भाव कंपनी को दिया गया था। उस समय इसकी लागत 560 करोड़ रुपये थी। अक्तूबर-2019 में इसे पूरा किया जाना था। एनएचएआई के नियमों के अनुसार, 180 दिन में कंपनी को जमीन अधिग्रहण कर खाली कराकर देनी थी, लेकिन जिला प्रशासन का सहयोग न मिलने से कंपनी को जमीन नहीं मिली। इन दो साल में सद्भाव ने टुकड़ों में मात्र 18 किलोमीटर फोरलेन का ही निर्माण किया। जमीन अधिग्रहण नहीं होने के कारण एनएचएआई को तीन बार हाईवे बनाने की समय सीमा बढ़ानी पड़ी। इसके बाद भी फोरलेन पूरा नहीं हो पाया।
जून-2023 में एनएचएआई ने सद्भाव से काम छीनकर गाबर कंपनी को सौंपा। गाबर कंपनी को अप्रैल 2024 तक हाईवे का काम पूरा करना है। गाबर कंपनी फोरलेन हाईवे का काम कर रही है लेकिन नियमानुसार सुरक्षा मानक पूरा नहीं कर रही है। एनएचएआई से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
एक महीने में वन निगम में स्केलर के पद पर तैनात एक कर्मचारी, करवाचौथ मनाने जा रहे एक बरेली के युवक, पीलीभीत निवासी युवक, बेहड़ी निवासी और एक गदरपुर निवासी युवक की मौत हो चुकी है। ये सभी दुर्घटनाएं बाइक रपटने, दूसरे वाहनों की टक्कर से हुई हैं।
कमिश्नर साहब! कैमरे का एंगल जरा इधर कीजिए जहां हो रही लोगों की सड़कों पर मौत
हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत छापे मारने में सबसे आगे रहते हैं। वीडियो भी बनाते हैं। बाकायदा उन्हें एडिट कर यूट्यूब पर डालते हैं, उन्हें व्यूव्ज भी खूब मिलते हैं, लेकिन साहब की नजर कभी तीनपानी से लालकुआं तक फोरलेन हाईवे पर नहीं गई। जहां एक महीने में पांच लोगों की मौत हो गई है। लोग कह रहे हैं कि साहब कभी इस सड़क का तो निरीक्षण कर लीजिए।
काठगोदाम से वाया गौलापार होते हुए रुद्रपुर तक फोरलेन हाईवे का काम 2017 से चल रहा है। लंबे समय तक काम बंद होने के बाद जुलाई-2023 से दोबारा काम शुरू हुआ। अप्रैल-2024 तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही है। सड़क से धूल उड़ रही है। जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। डायवर्जन के बोर्ड तक सही से नहीं लगे हैं। सड़क पर पड़ी बजरी से रोज दोपहिया वाहन स्वामी फिसल रहे हैं। कमिश्नर दीपक रावत ने एक बार भी इस सड़क का निरीक्षण नहीं किया। न ही लापरवाही बरतने वालों का जवाब तलब किया।
मैडम! आपने रामपुर रोड का निरीक्षण किया, इसके बाद भी अधूरा है काम
हल्द्वानी। रामपुर रोड पर चौड़ीकरण का काम कछुआ गति से चल रहा है। पांच दिन से काम बंद है। यह हाल तब है जब डीएम वंदना ने सड़क का निरीक्षण कर ब्रिडकुल को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इधर, डीएम के आदेश के बाद भी तीनपानी से मंडी तक फोरलेन की जद में आ रहे पेड़ अभी तक नहीं कटे हैं। इस कारण बिजली की लाइन शिफ्ट नहीं हो पा रही है।
दिसंबर पहले सप्ताह से कोहरा आना शुरू हो जाएगा। रामपुर रोड के फुटपाथ खोदकर छोड़ दिए गए हैं। रात में वाहन चालकों को सड़क नहीं दिखेगी। ऐसे में दुर्घटना की संभावना बढ़ जाएगी। ब्रिडकुल के अधिकारी भी डीएम के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं। सड़क के फुटपाथों को खोदकर छोड़ा गया है। इससे दुर्घटना हो सकती है।
बरेली रोड पर हुए एक्सीडेंट में मरे लोगों की जांच कराई जाएगी। देखा जाएगा कि हादसे का कारण क्या था। पुलिस, लोनिवि और परिवहन विभाग से जांच कराई जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि कहां पर सड़क सुरक्षा नहीं है। कंपनी से सड़क सुरक्षा के मानक पूरे कराए जाएंगे। बृहस्पतिवार को रामपुर रोड का निरीक्षण किया जाएगा।
-दीपक रावत कुमाऊं कमिश्नर।