हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने प्रेम टॉकीज के पास शुक्रवार की रात बागेश्वर के रहने वाले किशोर और किशोरी को बातचीत करते समय पकड़ लिया। पूछताछ से पता चला कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और घर छोड़कर भाग आए हैं। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात दोनों के परिजनों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनके बच्चे गायब हैं। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर दोनों को प्रेम टॉकीज के समीप पकड़ लिया। पूछने पर पता चला कि लड़की कक्षा नौ और किशोर दसवीं का छात्र है। दोनों घर छोड़कर भाग निकले। कोतवाल का कहना है कि इस मामले में परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। समाचार लिखे जाने तक परिजन थाने नहीं पहुंचे थे।