हल्द्वानी। रक्षा एवं पयर्टन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने सचिव सिंचाई को पत्र भेजकर एसबीआई से नवाबी रोड तक नहर कवरिंग की जांच करने को कहा है। मंत्री अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि उन्होंने नहर कवरिंग क्षेत्र का निरीक्षण किया था।
इस दौरान क्षेत्रीय जनता ने कहा कि नहर कवरिंग में कई खामियां हैं जिसमें जल निकासी का प्राकृतिक ढलान उत्तर से दक्षिण की ओर है। यह सड़क पूर्व में पश्चिम की ओर जा रही थी जिससे सभी जल निकासी अवरुद्ध हो गई है। दोनों तरफ घरों में जलभराव हो रहा है। स्लैब का शीर्ष स्तर मौजूद सड़क स्तर से 40 सेंटीमीटर ऊपर उठाया गया है। इस कारण वहां पूर्व में बने भवन नीचे हो गए हैं। इसके अलावा भी नहर कवरिंग में कई खामियां हैं। उन्होंने सचिव सिंचाई से इसकी निष्पक्ष जांच करने के लिए कहा है।
ओवरहेड टैंक लीकेज के कारणों की होगी जांच
हल्द्वानी। जल संस्थान के परिसर स्थित ओवरहेड टैंक से पानी रिसाव को लेकर विभाग हरकत में आ गया है। जल्द ही विभाग ओवरहेड टैंक से हो रहे रिसाव के कारणों की जांच करेगा। इसके बाद ही मरम्मत कार्य शुरू हो पाएगा। बता दें कि परिसर में स्थित 600 किलोलीटर के इस ओवरहेड टैंक का निर्माण साल 2015 में हुआ था। निर्माण के तुरंत बाद ही गुणवत्ता बेहतर नहीं होने की पुष्टि के बाद 2017 में इसकी मरम्मत की गई। पांच साल बाद जल संस्थान के परिसर का यह ओवरहेड टैंक फिर से रिसने लगा है। शनिवार को अमर उजाला में '' निर्माण के बाद हुई मरम्मत, पांच साल में फिर टपकने लगा टैंक'' शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए। जल संस्थान के ईई रवि शंकर लोशाली ने कहा कि टंकी के निर्माण के बाद भी उसकी मरम्मत हुई है। उन्होंने कहा कि टंकी से हो रहे जल रिसाव के कारणों की जांच होगी। इके बाद मरम्मत के लिए स्टीमेट बनाया जाएगा।