हल्द्वानी। बेस अस्पताल में पानी की कमी के चलते डायलिसिस न होने के मामले को प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने गंभीरता से लिया है। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए चेताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। वहीं, बुधवार को भी बेस अस्पताल में डायलिसिस के लिए टैंकर मंगाने पड़े।
बागजाला में हुई जिला योजना की बैठक के दौरान कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत ने प्रभारी मंत्री के सामने बेस अस्पताल में पानी की कमी के कारण डायलिसिस न होने का मुद्दा उठाया। कहा कि इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री ने हैरानी जताते हुए कहा विभाग ने भी इसका संज्ञान नहीं लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समय रहते जल संस्थान से कनेक्शन लें और पेयजल आपूर्ति सुचारु कराएं। वहीं, दूसरी ओर बेस अस्पताल में पेयजल संकट बना हुआ है। बुधवार शाम जेनरेटर चलाने के बाद अस्पताल में स्थित पानी का टैंक भरा जा सका। मरीजों की डायलिसिस के लिए पांच टैंकर मंगाए गए। डायलिसिस केंद्र प्रभारी महेंद्र बिष्ट ने बताया कि पिछले 22 दिन से डायलिसिस केंद्र में 80 टैंकरों से पानी मंगाया गया है।