नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्नातक के लिए प्रवेश पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को कुमाऊं विवि की वेबसाइट के माध्यम से वरीयता सूची की जानकारी मिलेगी। वरीयता सूची को वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। बृहस्पतिवार को बीए और बीएससी की वरीयता सूची जारी हो सकती है। बीकॉम में प्रवेश आज से शुरू होंगे।कुमाऊं विवि ने नए शैक्षणिक सत्र की तैयारी तेज कर दी है। विवि की ओर से परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में जल्द वरीयता सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया है। कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल ने बताया कि जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कहा कि विवि की वेबसाइट पर प्रवेश से जुड़ी तारीखें और दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। डीएसबी परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए प्रवेश कमेटी का गठन किया गया है। बीकॉम की वरीयता सूची जारी की जा चुकी है, अन्य पाठ्यक्रमों की सूची जल्द जारी की जाएगी।