रामनगर। मोहल्ला भरतपुरी, दुर्गापुरी, पंपापुरी और लखनपुर के जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोगों ने शनिवार को रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ दिगंथ नायक से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए तीन सूत्री ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने डीएफओ को बताया कि क्षेत्र में पानी की काफी समस्या है। उन्होंने आमडंडा में पानी की टंकी के निर्माण के लिए जल निगम को जल्द भूमि आवंटित करने व पंपापुरी क्षेत्र के वन क्षेत्र से सटे होने के चलते सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने व सोलर जाल बाड़ लगाने की मांग की है। साथ ही पंपापुरी में होने वाले पार्क निर्माण का कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से जल्द शुरू कराने की मांग की है। वहां सभासद नवीन सुनेजा, सचिन कुमार, मनवर सिंह रावत, जसवंत सिंह, अमर सिंह बोरा, बलवंत नेगी, चंद्रमोहन नेगी, प्रकाश सत्यवली, हीरा बल्लभ उपाध्याय, जीवन सिंह नेगी आदि थे।