भवाली (नैनीताल)। कैंची मेले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से भवाली में श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की है। साथ ही भवाली से श्रद्धालु शटल सेवा से कैंची धाम पहुंचेंगे। बुधवार की शाम डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल टीम की ओर से मंदिर परिसर और वाहन पार्किंग में सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया गया।
भवाली में 180 शटल सेवा से श्रद्धालु जाएंगे कैंची
भवाली में पुलिस की ओर से पार्किंग व्यवस्था की गई है। नैनी बैंड, सेनिटोरियम, रामलीला मैदान, पेट्रोल पंप के पास और पनीराम ढाबे पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन जगहों से 180 से अधिक शटल सेवा के माध्यम से ही श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचेंगे जहां से वन विभाग के बैरियर के पास से डेढ़ किमी पैदल चलकर कैंची धाम पहुंचेंगे।
300 से अधिक पुलिस कर्मी और अधिकारी रहेंगे तैनात
कैंची मेले को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन से 300 से अधिक पुलिस कर्मी और अधिकारी तैनात रहेंगे। कैंची में नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर से पुलिस फोर्स बुलाई गई है।
भारी वाहनों और छोटे वाहनों को डायवर्ट करके भेजा
कैंची मेले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में बुधवार और बृहस्पतिवार की रात तक भारी वाहनों पर रोक लगाई गई है। बुधवार को दो बजे से छोटे वाहनों को क्वारब से नथुवाखान-तल्ला रामगढ़ होते हुए भवाली से खुटानी भेजा गया। साथ खुटानी मोड़, पदमपुरी-पोखराड़-कसियालेख-शीतला-मौना-ल्वेशाल और क्वारब होते हुए अल्मोड़ा भेजा गया। इसके लिए भीमताल के खुटानी से क्वारब तक पुलिस फोर्स तैनात रहा।
सड़क किनारे लगाए भंडारे के टेंट हटाए
पुलिस प्रशासन की ओर से इस बार पब्लिक प्लेस पर भंडारा लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। बुधवार को कैंची मार्ग पर लगाए गए भंडारे के टेंट को पुलिस ने हटवा दिया। साथ ही लोगों से नाप भूमि पर अनुमति लेकर ही भंडारा लगाने को कहा है।
वीआईपी बनकर मंदिर न आने की अपील
पुलिस प्रशासन की ओर से इस बार कैंची मेले को सफल बनाने के लिए वीआईपी लोगों से कैंची धाम में वीआईपी बनकर नहीं आने की अपील की गई है। ताकि मेले में आम श्रद्धालुओं को समस्या का सामना न करना पड़े।
- कैंची मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं। मेले को सफल बनाने में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी सहयोग करना होगा। इसके लिए पुलिस की ओर से अपील की जा रही है। - डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम, नैनीताल
पहली बार श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंची धाम तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। साथ ही सड़क किनारे भंडारे लगाने की भी अनुमति नहीं दी गई है। ताकि मेले में किसी को असुविधा न हो। साथ ही बाबा की कृपा से मेला सफल होगा। - दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर