नैनीताल। कृष्णापुर वार्ड के निवासियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर सिपाहीधारा में बोल्डर गिरने से मार्ग अवरुद्ध होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोल्डर गिरने से वार्ड का शहर से संपर्क कट गया है। वार्ड में मोटर मार्ग न होने से वृद्ध, बीमार और स्कूली बच्चों को परेशानी होती है। निवासियों ने वीरभट्टी मार्ग से जीआईसी तक वाहनों के चलने लायक मार्ग बनाने की मांग की। जिलाधिकारी ने सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तुरंत बात की। उन्होंने एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त कर सर्वे और सामंजस्य बैठाने के निर्देश दिए। निवासियों ने 18 मई को प्रस्तावित सड़क नहीं तो वोट नहीं आंदोलन की भी जानकारी दी। इस दौरान सभासद सुरेंद्र कुमार, दीपेश भट्ट, डीएन भट्ट, अमन खान आदि रहे। वहीं, नैनीताल के कृष्णापुर वार्ड में सड़क निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय निवासी न केवल नई सड़क की मांग कर रहे हैं बल्कि पैदल रास्ते के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की जांच भी चाहते हैं। नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिला योजना के तहत वन विभाग को इस रास्ते के लिए दो चरणों में कुल 53 लाख रुपये जारी किए गए थे। लगभग 50 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी यह बटिया 50 फीसदी भी पूरी नहीं हुई है। निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है और अब वहां कटीली झाड़ियां उग आई हैं।