नैनीताल। सरकार से लेकर स्वास्थ्य निदेशालय तक कुमाऊं मंडल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे करता है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मंडल भर में मेडिकल अफसरों से लेकर पैरा-मेडिकल स्टाफ तक का भारी टोटा है। स्वास्थ्य विभाग के पास कुमाऊं भर में मिनिस्ट्रीयल स्टाफ की भी कमी है। ऐसे में लोगों को बेहतर इलाज के दावे बेमानी साबित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के दफ्तरों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कुमाऊं मंडल में मेडिकल ऑफीसर्स के कुल 1173 पद स्वीकृत हैं जबकि 752 पद भरे हुए हैं और 421 पद आज भी रिक्त हैं। इनमें अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक पद रिक्त हैं। पैरामेडिकल स्टाफ की सबसे ज्यादा कमी यूएस नगर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल में है। अल्मोड़ा और बागेश्वर में मिनिस्ट्रीयल कर्मियों के सबसे अधिक पद रिक्त हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य निदेशक डॉ. तारा आर्या से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
- इनसेट- कुमाऊं में मेडिकल ऑफीसर्स की स्थिति
जिला स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
अल्मोड़ा 245 102 143
बागेश्वर 75 45 30
चंपावत 116 71 45
नैनीताल 343 253 90
पिथौरागढ़ 187 166 21
यूएस नगर 207 115 92
----------------------------------------------------
कुल 1173 752 421
- कुमाऊं में पैरामेडिकल स्टाफ की स्थिति
जिला स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
अल्मोड़ा 750 442 298
बागेश्वर 317 180 137
चंपावत 304 142 162
नैनीताल 544 320 224
पिथौरागढ़ 667 389 278
यूएस नगर 657 334 323
------------------------------------------------
कुल 3239 1807 1422
- कुमाऊं में मिनिस्ट्रीयल स्टाफ की स्थिति
जिला स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
अल्मोड़ा 243 45 198
बागेश्वर 51 18 33
चंपावत 23 18 05
नैनीताल 38 29 09
पिथौरागढ़ 36 33 03
यूएस नगर 41 29 12
----------------------------------------------------
कुल 432 172 260
कोट
कुमाऊं मंडल में मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर कराने के लिए समय समय पर शासन और निदेशालय से पत्राचार किया जाता है। एएनएम की भर्ती होनी थी लेकिन उस पर न्यायालय से रोक लग गई। मेडिकल आफीसर्स, पैरामेडिकल और मिनिस्ट्रीयल स्टाफ की कमी को दूर कराने के लिए शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। दीपक रावत आयुक्त कुमाऊं मंडल।