हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में स्नातकोत्तर के कई विषयों में सीटें भरने के कारण मंगलवार को दाखिला लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पाया। इससे छात्रों को मायूसी हाथ लगी। छात्र नेताओं ने प्राचार्य से पीजी के सभी विषयों में सीटें बढ़ाने की मांग की है। 24 घंटे के भीतर मांग पूरी न होने पर छात्र नेताओं ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है। छात्रों का कहना है कि दिसंबर 2023 में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महाविद्यालय में पीजी की सीटें बढ़ाने की घोषणा भी की थी लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं कॉलेज प्रशासन की ओर से पीजी के सभी विषयों में 50 फीसदी यानी कुल 540 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव कुमाऊं विवि को भेजा गया है।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पीजी में प्रवेश की तिथि 31 जुलाई तक बढ़ाई गई है लेकिन एमबीपीजी कॉलेज में एमकॉम की सभी 80 सीटें भर चुकी हैं। एमएससी और एमए के कई विषयों में सीटें भरने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पाया। छात्र नेता उमाशंकर तिवारी और यश कुमार का कहना है कि पीजी के कई विषयों में सीटें भरने के कारण छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। कई छात्र पीजी में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाए हैं। छात्रों ने पीजी में पंजीकरण के लिए समर्थ पोर्टल को खुलवाने और पीजी में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी को ज्ञापन सौंपा। वहीं प्राचार्य प्रो. बनकोटी ने कहा कि छात्र हित में पीजी के सभी विषयों में सीटें बढ़ाने को लेकर कुमाऊं विवि को पत्र भेजा है।
पीजी में इन विषयों में सीटें बढ़ाने का भेजा प्रस्ताव विषय
स्वीकृत सीटें सीट वृद्धि प्रस्ताव
अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र 80 40
राजनीतिक विज्ञान, मनोविज्ञान (प्रत्येक विषय) (प्रत्येक विषय)
इतिहास, समाजशास्त्र
कॉमर्स 80 40
शिक्षाशास्त्र 40 20
गृह विज्ञान 30 15
गणित (एमए) 60 30
संगीत 10 05
संस्कृत 30 15
भौतिक विज्ञान 50 25
रसायन विज्ञान 40 20
गणित (एमएससी) 40 20
जुलोजी 80 40
बॉटनी 40 20
कंप्यूटर साइंस 20 10