एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सत्र में प्रवेश
के लिए 17 जुलाई से 31 अगस्त तक चली प्रवेश प्रक्रिया में छह योग्यता सूचियां जारी गईं। इनमें अधिकतर सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं। कुछ विषयों में सीटें अभी खाली हैं।प्रवेश प्रभारी प्रो. जीवन सिंह गढ़िया व प्रवेश सहायक श्याम मेवाड़ी ने बताया कि राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र और वाणिज्य विषय में सभी स्थान भर गए हैं। इन विषयों में अब कोई नया प्रवेश नहीं होगा जबकि भूगोल, शिक्षाशास्त्र, मनोविज्ञान, संगीत, गृह विज्ञान, संस्कृत और अर्थशास्त्र विषय में स्थान रिक्त हैं।प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि दो सितंबर से पांच सितंबर तक समर्थ प्रवेश पर हुए नए पंजीकरण के आधार पर कला और विज्ञान वर्ग में बचे हुए रिक्त स्थानों के लिए योग्यता सूची जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर नौ सितंबर को एक दिन के लिए महाविद्यालय में प्रवेश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि योग्यता सूची में केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं पर विचार किया जाएगा जिन्होंने रिक्त स्थान वाले विषयों का चयन किया है।