नैनीताल। शहर के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों में दिवाली का अवकाश होते ही बृहस्पतिवार को नैनीताल की आंतरिक सड़कों पर दिनभर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण देश के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों के वाहनों के चलते अचानक शहर में गाड़ियों का दबाव बेहद बढ़ गया। नगर के आवासीय विद्यालयों को जोड़ने वाले मार्ग काफी संकरे होने की वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस दौरान अयारपाटा, बारापत्थर समेत शहर के लगभग सभी आंतरिक मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस जाम के चलते जहां एक ओर स्थानीय निवासियों को अपनी रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर अपने बच्चों को घर ले जाने पहुंचे अभिभावक भी घंटों जाम में फंसे रहे।