हल्द्वानी। उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग ने निःस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले रिटायर्ड पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। बृहस्पतिवार को आयोजित समारोह में देहरादून लीग के अध्यक्ष एमएल असवाल और इंद्रजीत सिंह बोरा ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रशिक्षण देने वाले मंगल सिंह और उनके सहयोगी लांसनायक गजेन्द्र सिंह को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार दिया। 18 कुमाऊं रेजिमेंट के पूर्व सैनिक सीएचएम मंगल सिंह सेना भर्ती प्रशिक्षण केंद्र के तहत पीरूमदारा में वर्ष 2018 से युवाओं को सेना में जाने के लिए शारीरिक और लिखित परीक्षा की तैयारी करा रहे हैं। उनसे प्रशिक्षण ले चुके 1230 युवा सेना में भर्ती हो चुके हैं। इस मौके पर वीरनारियों के साथ ही जिला सैनिक एवं पुनर्वास अधिकारी बीडी कांडपाल, केएस महर, बीएस रौतेला, प्रमोद शर्मा, भूपाल सिंह, एमएस राठौड़, नवीन पोखरियाल, पीएस परिहार आदि रहे।