लालकुआं। वीआईपी गेट स्थित रेलवे फाटक के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पार करते कासगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह राठौड़ (25) पुत्र महेंद्र सिंह राठौड़ मूल निवासी ग्राम जमालपुर तहसील दातागंज जनपद बदायूं उत्तर प्रदेश वर्तमान में लालकुआं क्षेत्र में किराये में रहता था। सोमवार सुबह करीब 11 रेलवे ट्रैक पार करते समय लालकुआं से कासगंज की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि मृतक अविवाहित था। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक का परिवार पूर्व में नगीना कॉलोनी में रहता था। रेलवे विस्तारीकरण के दौरान कॉलोनी हटने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। बताया गया कि परिवार के पास पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल से लालकुआं लाने तक के लिए भी पर्याप्त पैसा नहीं था। जीआरपी जवानों और मौके पर मौजूद लोगों के आर्थिक सहयोग से शव को लालकुआं लाने की व्यवस्था की गई।