हल्द्वानी। पंजाब से हल्द्वानी लाई जा रही पंजाब मार्का की अवैध शराब को तस्कर डाक पार्सल लिखी गाड़ी में छिपा कर ला रहे थे। पांच राज्यों की पुलिस को चकमा देने के बाद हल्द्वानी पुलिस ने गाड़ी समेत शराब तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस ने 1000 से भी अधिक अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद कीं। आरोपी तस्कर को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को काठगोदाम पुलिस खेड़ा तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डाक पार्सल लिखी एक गाड़ी को पुलिस ने रोका और चालक से कागजात मांगे तो वह बहाने बनाने लगा। पुलिस ने गाड़ी का पिछला दरवाजा खोला तो उसमें पंजाब मार्का की अंग्रेजी शराब की बोतलें भरी पड़ी थीं। इस पर पुलिस ने पंजाब के झज्जर जिले के गांव बरहाना निवासी सुनील से पूछताछ की तो उसने बताया कि होली त्योहार के चलते वह पंजाब से शराब हल्द्वानी लेकर आया था। यहां आकर किसे सौंपनी है इसकी जानकारी हल्द्वानी पहुंचने पर दी जानी थी। पुलिस ने 100 पेटियों में भरी 1202 बोतलें जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
हैरानी की बात है कि तस्कर पांच राज्यों की पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया। पुलिस के मुताबिक तस्कर शराब की गाड़ी को पंजाब-हरियाणा-दिल्ली-यूपी के रास्ते होते हुए उत्तराखंड पहुंचा था। सुनील ने बताया कि डाक पार्सल की गाड़ी अमूमन चेक नहीं की जाती है। इसलिए तस्करी का यह तरीका अपनाया गया। पुलिस टीम में काठगोदाम एसओ प्रमोद पाठक और एसओजी प्रभारी राजवीर सिंह आदि रहे।